बभनी।सोनभद्र। विंध्यलीडर संवाददाता। बभनी थाना क्षेत्र अंतर्गत बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर आज अफजल मास्टर के घर के पास निजी बस और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में बस चालक समेत करीब 16 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज एक निजी बस यात्रियों को लेकर बभनी-अंबिकापुर मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान घसिया टोला के पास अफजल मास्टर के घर के समीप सामने से आ रहे ट्रक से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत की और किसी तरह चालक को बाहर निकाला। हादसे में बस में सवार कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य यात्री भी घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। अचानक हुए इस हादसे से मार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वहीं दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।










