सोनभद्र । विंध्यलीडर संवाददाता। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कुसी पोखरा स्थित सरकारी देशी शराब की दुकान के पास एक महिला ने दरोगा पर उसका ठेला पलटने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप लगाने संबंधी वीडियो आज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। पुलिस ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए जांच सीओ नगर को सौंप दी है।
महिला ने दरोगा पर लगाए आरोप
राबर्टसगंज कोतवाली क्षेत्र के कुसी पोखरा के पास सरकारी देशी शराब की दुकान के सामने सड़क किनारे एक महिला ठेला लगाकर अंडा, नमकीन और पकौड़ी आदि बेचती है। बताया जा रहा है कि ठेले के आसपास कुछ लोगों द्वारा शराब का सेवन करने और महिलाओं के साथ अभद्रता किए जाने की शिकायत पुलिस से की गई थी।
इसी शिकायत की जांच के लिए रॉबर्ट्सगंज कोतवाली के एक उपनिरीक्षक मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान महिला ने आरोप लगाया कि दरोगा ने उसका ठेला पलट दिया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। महिला का कहना है कि ठेला पलटने से उसका रोजगार भी चौपट हो गया। इसी ठेले से उसके परिवार का भरण-पोषण होता है। ठेला पलटने से उसकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। महिला ने मौके पर मौजूद दरोगा के सामने ही अपनी बात रखी। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो आज वायरल हो गया।
पुलिस ने वायरल वीडियो पर दिया जवाब
पुलिस ने एक्स पर दिया जवाब वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की ओर से एक्स पर जवाब जारी किया गया। इसमें बताया गया कि छह नवंबर को कुसी पोखरा स्थित सरकारी देशी शराब की दुकान के सामने सड़क किनारे कुछ लोग ठेला लगाकर अंडा, नमकीन और पकौड़ी आदि बेचते थे। ठेलों के आसपास कुछ लोगों द्वारा शराब का सेवन किए जाने से आमजन और महिलाओं को असुविधा होने की शिकायत ग्रामीणों ने की थी।
इस पर मौके पर पहुंचे रॉबर्ट्सगंज कोतवाली उपनिरीक्षक ने ठेला संचालकों को सड़क से ठेले हटाने अथवा कुछ दूरी पर लगाने के निर्देश दिए थे। पुलिस के अनुसार ठेला संचालकों ने महिला को आगे कर वीडियो बनवाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी नगर को सौंपी गई है।
सीओ नगर ने कही जांच की बात
कुसी पोखरा के पास सरकारी देशी शराब की दुकान संचालित है। वहां सड़क किनारे ठेला लगाकर अंडा, नमकीन और पकौड़ी आदि बेची जा रही थी। इसकी आड़ में शराब का सेवन करने वाले लोगों से महिलाओं और आमजन को असुविधा होने की शिकायत मिली थी। इसी की जांच के लिए दरोगा मौके पर गए थे। वीडियो वायरल होने के मामले की जांच कराई जा रही है









