चोपन । सोनभद्र। विंध्यलीडर संवाददाता । सड़क दुर्घटना में गम्भीर रूप से घायल हुए चोपन निवासी युवा मोहित सिंह की दीपावली की रात वाराणसी के ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान हुए निधन ने नगरवासियों को झकझोर दिया है। परिजनों में कोहराम मचा है।
मिली जानकारी के अनुसार छोटी दीपावली के दिन पटाखे की खरीददारी के लिए चोपन निवासी भाजपा नेता मनोज कुमार सिंह का युवा भतीजा मोहित पुत्र बबलू सिंह अपने दोस्त के साथ बाइक से राबर्टसगंज गया था।वहाँ सड़क दुर्घटना में गम्भीर रूप से घायल हो गया, जहाँ जिला अस्पताल से उसे उपचार हेतु वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। बाइक के पीछे बैठा दोस्त चोटिल तो हुआ लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद सकुशल घर लौट आया।

गम्भीर रूप से घायल हुआ मोहित दीपावली की रात वाराणसी के ट्रामा सेंटर में जिन्दगी की जंग हार गया। प्रकाश पर्व दीपावली के दिन हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियाँ बिखेर दी। घटना के बाद नगरवासी मृतक मोहित के घर पहुँच कर अपनी शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।









