वृंदावन। विंध्यलीडर संवाददाता । ठाकुर बांकेबिहारी के दरबार में भक्तों की आस्था का खजाना लगातार बढ़ रहा है। मंदिर में चढ़ावे को लेकर हुई सख्ती के बाद मंदिर के खजाने में इस बार रिकार्ड दान राशि आई है। ढाई माह के दौरान गुल्लक में दी गई दानराशि की गणना गुरुवार को पूरी हो गई। 32 गुल्लक में 6.19 करोड़ रुपये दानराशि निकली। यह अब तक की सर्वाधिक दान राशि है।

ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में वर्तमान में व्यवस्था है कि मंदिर के जगमोहन में जो दान श्रद्धालु अर्पित करते हैं वह सेवायत का होता है। गुल्लक या फिर ऑनलाइन माध्यम से जो दान मंदिर को दिया जाता है, वही मंदिर खजाने में जाता है। जबकि इससे पहले मंदिर सेवायतों की सहायता के लिए लगाए गए भंडारी गुल्लक में श्रद्धालुओं को दानराशि नहीं अर्पित करने देते थे और चढ़ावे की धनराशि भंडारी खुद ही अपने पास ही दानराशि रख लेते थे।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष अगस्त में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति ने मंदिर की व्यवस्था संभाली। चढ़ावे की व्यवस्था में बदलाव के लिए इसी वर्ष 25 अगस्त को समिति ने सुप्रीम कोर्ट में इसकी शिकायत एक हलफनामा दाखिल की। जिसमें फोटो दिखाए कि मंदिर सेवायतों की सहायता के लिए लगाए गए भंडारी गुल्लक में श्रद्धालुओं को दानराशि नहीं अर्पित करने देते थे ।

यहाँ यह भी बताना आवश्यक है इससे पहले मई में 4.90 करोड़ रुपए की सबसे अधिक दान राशि प्राप्त हुई थी। अगस्त में खोली गई गुल्लक में करीब चार करोड़ रुपए प्राप्त हुए थे।









