संतकबीरनगर। विंध्यलीडर संवाददाता । जनपद के वरिष्ठ पत्रकार स्व0 श्री शोभित पाण्डेय के असामयिक निधन पर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना द्वारा पुलिस परिवार की ओर से शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उनके शोकाकुल परिजनों को ₹5,51,000 (पांच लाख इक्यावन हजार रुपये) की सहयोग राशि प्रदान की ।

बच्चों की शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए परिजनों को ₹5,51,000 की सहयोग राशि प्रदान

यह सहयोग राशि विशेष रूप से दिवंगत पत्रकार के बच्चों की शिक्षा-दीक्षा, उनके भविष्य की सुरक्षा एवं पारिवारिक संबल को ध्यान में रखते हुए प्रदान की गई है।

स्व0 श्री शोभित पाण्डेय जनपद के प्रतिष्ठित, अनुभवी एवं कर्मठ पत्रकार रहे। उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन में निष्पक्षता, निर्भीकता एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वर्तमान में वे समाचार पत्र हिन्दुस्तान में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्यरत थे। इससे पूर्व वे अमर उजाला में चीफ ब्यूरो के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके थे।

उनके असामयिक निधन से पत्रकारिता जगत के साथ-साथ पूरे जनपद में शोक की लहर है। उनका निधन पत्रकारिता के क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

इस दुःखद एवं कठिन घड़ी में पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर श्री संदीप कुमार मीना द्वारा मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दिवंगत पत्रकार के परिवार को आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया, ताकि उनके बच्चों की पढ़ाई-लिखाई निर्बाध रूप से जारी रह सके तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में आर्थिक कठिनाई बाधक न बने।

पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर द्वारा स्व0 श्री शोभित पाण्डेय को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।