रायबरेली । विंध्यलीडर संवाददाता। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की पीसीएस-2024 परीक्षा में अनन्या ने पूरे प्रदेश में दूसरी रैंक हासिल की है। कहते है कि कामयाबी की राह में न तो आर्थिक तंगी आड़े आती हैं और न ही संसाधनों की कमी। पिता की छोटी सी किराना दुकान और मां की मेहनत से मिले संस्कारों के दम पर रायबरेली की बेटी ने ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिस पर पूरा परिवार गर्व कर रहा है। महत्वपूर्ण बात तो यह है कि बेटी ने अपने पहले ही प्रयास में यह बड़ी कामयाबी हासिल की। इस सफलता के साथ उनके लिए उप जिलाधिकारी यानी एसडीएम बनने का रास्ता खुल गया है।

पिता चलाते हैं किराना दुकान

रायबरेली के आनंद नगर की रहने वाली अनन्या त्रिवेदी की कामयाबी के पीछे उनके माता-पिता का लंबा संघर्ष और त्याग छिपा है। उनके पिता सुशील कुमार त्रिवेदी एक छोटी सी किराना दुकान चलाते हैं, जबकि मां रेखा रानी सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं थी, लेकिन माता-पिता ने बच्चों की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी।

अनन्या का परिवार पहले गांव में रहता था। वहां से रायबरेली के स्कूल में पढ़ाई के लिए आने-जाने में उन्हें काफी परेशानी होती थी। बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए पिता सुशील कुमार ने वर्ष 1995 में आनंद नगर में जमीन खरीदी और वहां मकान बनवाया। पिता दुकान संभालने के साथ बच्चों की पढ़ाई पर नजर रखते थे, वहीं मां स्कूल की ड्यूटी पूरी करने के बाद घर लौटकर उनकी पढ़ाई में मदद करती थीं।

अनन्या अपनी कामयाबी का बड़ा श्रेय मां को देती हैं। उनका कहना है कि मां ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। इसके अलावा उनके मामा राजेश कुमार पांडेय ने भी तैयारी के दौरान मार्गदर्शन और सहयोग दिया। राजेश कुमार फिलहाल कानपुर देहात में अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद पर तैनात हैं

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से की ग्रेजुएशन

अनन्या की शुरुआती पढ़ाई रायबरेली में ही हुई। उन्होंने स्वामी जानकी शरण पब्लिक स्कूल से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वर्ष 2019 में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से समाजशास्त्र में ऑनर्स के साथ स्नातक की डिग्री हासिल की।

आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) का रुख किया और यहां से स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की। अनन्या ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) भी पास की है। इस तरह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता भी मजबूत बनाए रखी।

रोजाना छह घंटे पढ़ाई

अनन्या के लिए UPPCS 2024 पहला प्रयास था। उन्होंने अपनी तैयारी के दौरान रोजाना औसतन छह घंटे पढ़ाई की। उनका मानना है कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में कामयाबी के लिए नियमित पढ़ाई, सही योजना और सभी विषयों के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है।

उन्होंने लिखित परीक्षा से लेकर इंटरव्यू तक हर चरण में बेहतर प्रदर्शन किया और प्रदेश में दूसरी रैंक हासिल कर ली। अनन्या के मुताबिक, तैयारी के दौरान खुद पर भरोसा बनाए रखना और लगातार मेहनत करते रहना उनकी सफलता की अहम वजह रही।

SDM बनने के बाद भी नहीं रुके कदम

UPPCS में शानदार कामयाबी हासिल करने के बाद अनन्या का चयन डिप्टी कलेक्टर यानी एसडीएम पद के लिए होने का रास्ता साफ हुआ है। हालांकि, उनका लक्ष्य यहीं तक सीमित नहीं है। वह फिलहाल संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही हैं।

अनन्या के भाई भी केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय में कार्यरत हैं। परिवार के सहयोग और अपनी मेहनत के दम पर अनन्या ने यह साबित कर दिया कि सीमित संसाधन किसी के बड़े सपनों की राह में स्थायी रुकावट नहीं बन सकते। उनकी कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो मुश्किल हालात के बावजूद प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना देख रहे हैं।