बलरामपुर। विंध्यलीडर संवाददाता । उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में देहात क्षेत्र के चरन गहिया-बेलहा गांव में बीती रात दुर्गा मंदिर के सामने तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे वीडियो देख रहे ग्रामीणों को रौंद दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बहराइच रेफर किया गया है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटना रात करीब 11 बजे की है। बताया जा रहा है कि दुर्गा मंदिर में आरती समाप्त होने के बाद कुछ ग्रामीण सड़क किनारे पर्दा लगाकर वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान गौरा चौराहा की ओर जा रही अनियंत्रित कार टेंट का हिस्सा तोड़ते हुए लोगों पर चढ़ गई। अचानक हुए हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल घायलों की मदद शुरू की और पुलिस को सूचना दी।

हादसे में पाटेश्वरी प्रसाद उर्फ महता प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) की मौत हो गई। वहीं छेदीराम (50), घोपराम (31), डब्लू (37) और मुकेश तिवारी (30) घायल हो गए। सभी पीड़ित चरनगहिया-बेलहा गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने घायलों को जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया, जहां से दो को बहराइच रेफर कर दिया गया। घायलों का इलाज किया जा रहा है। मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस के अनुसार हादसे में पाटेश्वरी प्रसाद उर्फ महता प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) की मौत हो गई। वहीं छेदीराम (50), घोपराम (31), डब्लू (37) और मुकेश तिवारी (30) घायल हो गए। सभी पीड़ित चरन गहिया-बेलहा गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने घायलों को जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया, जहां से दो को बहराइच रेफर कर दिया गया। घायलों का इलाज किया जा रहा है। मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

चालक हिरासत में, नशे में होने की आशंका

पुलिस उप अधीक्षक अभिषेक सिंह ने इस मामले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में शामिल कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। शुरुआती जानकारी में चालक के नशे में होने की आशंका है। इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।