# चोपन में सोन नदी के तट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब

# पर्व को शांति पूर्ण सकुशल सम्पन्न कराने में शासन प्रशासन ने दिन रात किया एक।

# सुंदर सफाई व्यवस्था में नगर पंचायत के सफाई मित्रों की भूमिका सराहनीय

शशांक भाटिया

चोपन । सोनभद्र। विंध्यलीडर संवाददाता । सोमवार की सुबह सोन तट पर हजारों नर नारियों ने जल में खड़े होकर उदित हो रहे भगवान् भास्कर को अर्द्ध अर्पित कर उनसे अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की। इसके पूर्व रविवार की देर शाम अस्त होते भगवान् सूर्य की विधि विधान से पूजा अर्चना कर अर्द्ध दिया गया। प्रसाद वितरण के साथ ही वर्ती महिलाओं ने अपना वर्त खोला। इस अवसर पर सोन तट पर मेला सरीखे दृश्य रहा।

भारी संख्या में हजारों नर नारी और बच्चे इस पावन पर्व के साक्षी बने। नगर की विभिन्न सामाजिक, राजनैतिक संस्थाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अलग अलग सेवा शिविर लगाकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

महापर्व को सकुशल और शांति पूर्ण सम्पन्न कराने में शासन प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर पंचायत एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका निभाई।

# चाय की सेवा से सिख समाज ने बनायी दूरी

समाज सेवा के हर काम में बढ़ चढ़ कर सहभागिता निभाने वाला नगर का सिख समाज जो पिछले कई वर्षों से गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा चोपन की ओर से छठ घाट स्थल पर शिविर लगाकर चाय की सेवा देता रहा है, लेकिन गत वर्ष हुई एक घटना ने उन्हें व्यथित कर दिया है।जानकारी के अनुसार गत वर्ष छठ के मौके पर रात्रि में असामाजिक तत्वो ने उनके शिविर को उखाड़ फेका था, जिसकी व्यथा अभी तक उनके मन में है, परिणामस्वरूप इस बार सिख संगत ने स्वयं को इस सेवा से दूर रखा।