अजय भाटिया
उप संपादक
सोनभद्र। विंध्यलीडर संवाददाता । डाला में छठ घाट पर अचानक कुछ ऐसा हुआ कि वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। हर तरफ छठी मैया की आराधना, आस्था और श्रद्धा का माहौल था। तभी अचानक एक बच्चा फिसलकर पानी में जा गिरा। देखते ही देखते घाट पर चीख-पुकार मच गई— बच्चा डूब रहा है... बचाओ! बचाओ!
फिर जो हुआ, वह किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं था!
लोगों की आवाज सुनते ही डाला नगर पंचायत के वहां पहले से तैनात सभासद अवनीश पांडेय व विनय सिंह एक पल भी गंवाए बिना पानी में कूद पड़े। अपनी जान की परवाह किए बिना उन्होंने डूबते बच्चे को बाहर निकाला और उसे सुरक्षित बचा लिया।
जहां एक ओर कुछ पल के लिए पूरे घाट पर अफरा-तफरी मच गई थी, वहीं इन जिम्मेदारों की तत्परता और साहस ने एक परिवार की दुनिया उजड़ने से बचा ली।
सचमुच, वर्दी या पद से नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में किए गए कर्मों से इंसान की पहचान होती है।
डाला नगर पंचायत के इन सजग, साहसी और कर्तव्यनिष्ठ सदस्यों के मानवीय कार्य की जनमानस में सर्वत्र प्रशंसा हो रही है।










