—सौतेली माँ के ज़ुल्मों सितम से तंग किशोरी ने दो मासूम भाइयों के साथ की सुसाइड।
—आज़िज़ आकर एक किशोरी ने अपने दो मासूम भाइयों को लेकर ऊंची पहाड़ी से जलाशय में कूद कर जान दे दी।
दिलदहला देने वाली घटना नक्सल प्रभावित आदिवासी जिला सोनभद्र की है। बताते चलें कि दिनांक 14 सितम्बर 2022 को शाम 5 बजे शहजादी पत्नी अमरेश निवासी सोमा थाना मांची जनपद सोनभद्र द्वारा थाना मांची पर सूचना दी गयी कि 12 सितम्बर 2022 को दोपहर में मेरी पुत्री कृष्णा उम्र लगभग 18 वर्ष पुत्र चंदन 4 वर्ष व पुत्री उजाला ढाई वर्ष को साथ लेकर नाराज होकर कहीं चली गई है। इस पर थाना मांची पर मुकदमा अपराध संख्या 53/ 22 धारा 363 आईपीसी पंजीकृत किया गया।
इसके बाद कृष्णा और दोनों बच्चों की तलाश की जा रही थी। 16 सितम्बर 2022 को भैंस पाहवा पहाड़ी के तलहटी में पानी में तीनों बच्चों के शव बरामद हुए। ग्राम वालों से पूछताछ पर गांव वालों ने बताया कि शहजादी कृष्णा की सौतेली मां थी जिससे कृष्णा का अक्सर विवाद होता था। इसी बात से नाराज होकर कृष्णा दोनों बच्चों को लेकर चली गई और भैंस बहवा पहाड़ी से नीचे कूदकर दोनों बच्चों के साथ आत्महत्या कर ली है। तीनों शव बरामद हो गए हैं।
घटनास्थल पर पुलिस फोर्स पहुंच तीनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अग्रिम विधिक कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद की जाएगी ,साथ ही मौके पर शान्ति एवं कानून व्यवस्था कायम है।