विनोद सिंह

लखनऊ । विंध्यलीडर संवाददाता। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सात नेताओं को कांग्रेस ने राष्ट्रीय टीम में जगह देकर इन्हें राष्ट्रीय सचिव बनाया है। कांग्रेस से मिली जानकारी के मुताबिक मनोज त्यागी को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में प्रशासन, डॉ राजकुमार मौर्या को पंजाब, सुशील पासी को जम्मू कश्मीर और लद्दाख, ओमवीर यादव को मध्यप्रदेश, अवनीश काजला को झारखंड, राहुल राजभर को हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ और विश्वविजय सिंह को राजस्थान में सचिव बनाया गया है।

कांग्रेस पार्टी ने बिहार प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष अजय कुमार पासवान को मध्यप्रदेश एवं प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गुंजन पटेल को पश्चिम बंगाल का प्रभारी सचिव नियुक्त किया है। वहीं, बिहार के प्रभारी सचिव कांग्रेस नेता प्रदीप नरवाल, प्रो. प्रकाश सोनावाने एवं महबूब पासा को बनाया गया है। गुरुवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेनुगोपाल ने विभिन्न राज्यों में कांग्रेस के प्रभारी सचिवों की सूची जारी की। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के संयोजक एवं प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने अजय कुमार पासवान एवं गुंजन पटेल को कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

25 सचिवों को पद से हटाया

कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए गुरुवार को 25 एआईसीसी सचिवों और संयुक्त सचिवों को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया। साथ ही, कई अन्य लोगों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। और जिन 25 नेताओं को उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया है, उनमें अंबा प्रसाद, बीएम संदीप, चेतन चौहान, चिरंजीव राव, क्रिस्टोफर तिलक, देवेंद्र यादव, दिव्या मदेरणा और मंसूर अली खान भी शामिल हैं।

नवीन शर्मा, पी. गोपी, पी. विश्वनाथन, पृथ्वीराज साठे, पूनम पासवान, रोजी एम. जॉन, रुत्विक मकवाना, एसए संपत कुमार, संजना जाटव, शाहनवाज आलम, टीएन प्रथापन, उषा नायडू और विजय जांगिड़ को भी उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है। कुल 81 सचिवों को विभिन्न राज्यों और संगठनात्मक विभागों में जिम्मेदारियां सौंपी गई है

कांग्रेस ने असम, केरल, तमिलनाडु, उत्तराखंड, गुजरात, कर्नाटक, पंजाब, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और राजस्थान समेत कई राज्यों में सचिवों की नियुक्ति की है। कुछ नेताओं को एक से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा पार्टी ने संचार, प्रचार, मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया जैसे महत्वपूर्ण विभागों के लिए भी सचिव नियुक्त किए हैं।