विनोद सिंह

लखनऊ । विंध्यलीडर संवाददाता । 2027 की चुनावी किला फतह करने को लेकर उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस का गठबंधन है। दोनों पार्टियां मिलकर उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव लड़ेंगी, लेकिन अभी सीटों को लेकर दोनों दलों के बीच बात नहीं बन पाई है। कुछ दिन पहले कांग्रेस ने सपा से 181 सीटें मांगी थीं, लेकिन सपा इतनी कांग्रेस को इतनी सीटें देने की मूड में नहीं दिख रही है।

कांग्रेस को सपा कितनी सीटें देंगी? इसको लेकर 17 नवंबर को बड़ी बैठक होगी। यह बैठक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल्लकार्जुन खरगे के साथ प्रदेश कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित की जाएगी। हालांकि ये बैठक कहां होगी? इस पर भी अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

बैठक में कांग्रेस नेतृत्व के साथ गठबंधन के मसले पर भी बातचीत होनी है। उम्मीद जताई जा रही है कि उसी बैठक में गठबंधन के स्वरूप, सीटों की संख्या और सीट समझौते के फॉर्मुले पर सैद्धांतिक सहमति बन जाएगी। 17 नवम्बर को आयोजित इस बैठक में समाजवादी पार्टी की तरफ से भी प्रतिनिधियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। चर्चा है कि सपा मुखिया अखिलेश यादव भी इस मीटिंग में शामिल हो सकते हैं, लेकिन अभी इसको लेकर कोई पुष्टि नहीं हो पाई है।

उत्तर प्रदेश में अखिलेश होंगे इंडिया गठबंधन का मुख्य चेहरा

समाजवादी पार्टी के सहारनपुर के पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ नेता हाजी फजर्लुरहमान कुरैशी ने कहा कि इंडिया गठबंधन का मुख्य चेहरा यूपी में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव होंगे। कुरैशी ने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच सीटों की साझेदारी का मुख्य आधार उम्मीदवार की जीतने की क्षमता से तय होगी।

श्री कुरैशी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन में 43.52 फीसद मत प्रतिशत प्राप्त कर 43 सीटें जीती थीं। जबकि भाजपा ने 75 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 41.3 फीसद मत प्राप्त कर 33 सीटें हासिल की थी। भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को 43.69 फीसद वोट मिले थे।

एनडीए को भाजपा की 33 सीटों के अलावा 2 सीटें रालोद की और एक अपना दल सोनेलाल पटेल की यानि कुल 36 सीटें मिली थीं। जहां तक अकेली पार्टी का सवाल है तो समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा था। उसने 62 सीटों पर चुनाव लड़कर 50 फीसद से भी ज्यादा सफलता हासिल की थी।

200 सीटों की मांग कर चुके हैं कांग्रेस के कई नेता

सपा और कांग्रेस में सीट बंटवारे को लेकर चर्चा जोरों पर है। कांग्रेस के कई नेता 200 सीटों की मांग कर चुके हैं। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम कह चुके हैं कि गठबंधन में कोई छोटा-बड़ा नहीं होता है। जैसे परिवार में बंटवारा बराबरी का होता है। वैसे ही गठबंधन में भी होगा। वहीं प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद भी 180-200 सीटों का दम भरते आए हैं। हालांकि अखिलेश यादव ने ये साफ कर दिया है कि कांग्रेस की तरफ से जो सीटों की डिमांड है वो 181 है।