डा. प्रिंस स्वतंत्र सिंह की कलम से
न सेल्फी, न रील, न स्टेटस लगाकर यह प्रमाण देने की मजबूरी कि 'हां भाई, हम भी यहां गए, ये खाए और यह किए!' सुनने में थोड़ा अजीब जरूर है, लेकिन जरा इसके पर्यावरणीय पहलुओं पर गौर कीजिए।
आजकल धार्मिक स्थानों में दर्शन करने से ज्यादा जरूरी हो गया है कि दर्शन करते हुए एक अच्छी रील बन जाए। पहाड़ों पर लोग प्रकृति का आनंद लेने कम और पहाड़ों के साथ अपनी फोटो खिंचवाने ज्यादा जाते हैं। झरने के सामने खड़े होकर पानी को महसूस करने से ज्यादा जरूरी है कि तस्वीर में झरना ठीक से दिखाई दे और अपना चेहरा भी! अगर कैमरा न हो तो शायद धार्मिक स्थलों, पहाड़ों, झीलों और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर सिर्फ सोशल मीडिया के लिए पहुंचने वाली भीड़ कुछ कम हो जाए। नतीजा? कम ट्रैफिक, कम प्लास्टिक, कम गंदगी और प्रकृति को थोड़ी राहत।

फैशन इंडस्ट्री पर भी इसका कम दिलचस्प असर नहीं होगा। आजकल एक ही कपड़े में दो अलग-अलग समारोहों की तस्वीरें डालना भी कई लोगों के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन चुका है। हर पार्टी में नया ड्रेस, हर त्योहार पर नया लुक और हर ट्रिप पर नए कपड़े! आखिर इंस्टाग्राम पर पुरानी ड्रेस दोबारा पहनकर कौन जाए? कैमरा नहीं होगा तो शायद कपड़े पहनने के लिए खरीदे जाएंगे, दिखाने के लिए नहीं। इससे फास्ट फैशन, कपड़ों की बर्बादी, पानी की खपत और टेक्सटाइल प्रदूषण में कमी आ सकती है।
शादियों का तो पूछिए ही मत! आजकल शादी दो लोगों का मिलन कम और सोशल मीडिया के लिए संजय लीला भंसाली की बनाई एक मेगा प्रोडक्शन फ़िल्म ज्यादा लगने लगी है।
प्री-वेडिंग शूट, डेस्टिनेशन वेडिंग, हजारों लाइटों से सजा मंच, नाचते गाते हुए एंट्री, रिश्तेदारों की डांस परफॉर्मेंस,आतिशबाजी और ऐसी-ऐसी सजावट कि NASA भी देखकर पूछे कि आखिर लॉन्च कहां होना है! कैमरा नहीं होगा तो शायद शादी करने और देखने वाले लोग शादी का आनंद ले सकेंगे, न कि हर पांच मिनट में अपनी लोकेशन और आउटफिट दुनिया को बताने।
वन्यजीवों को भी थोड़ी शांति मिलेगी। कभी बाघ के साथ सेल्फी लेने की कोशिश, कभी हाथी के बिल्कुल पास जाकर फोटो खिंचवाने का रोमांच, तो कभी पक्षियों को परेशान करके उनकी तस्वीर लेने की जिद। शायद कैमरा न होने पर जानवरों को पहली बार इंसानों से बिना किसी फोटोशूट के मिलने का अवसर मिलेगा!
कैमरा हटते ही रेस्टोरेंट को अपने खाने पर ध्यान देना पड़ेगा क्योंकि अभी तक तो बहुत से रेस्तरां सिर्फ़ इंस्टाग्रामेबल दिखने पर ध्यान देते है।
और सिर्फ इतना ही नहीं। इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग, अनबॉक्सिंग के नाम पर लगातार नए उत्पाद खरीदना, विशाल केक काटना, जन्मदिन पर पटाखे और सजावट का मुकाबला करना... इन सबमें भी कमी आ सकती है। आखिर जब दिखाना ही नहीं है तो इतना सब करने की जरूरत ही क्या है?
और हां, एक बात तो तय है... कैमरा नहीं होगा तो कम से कम खाना खाने से पहले 25 फोटो खींचने के चक्कर में खाना ठंडा भी नहीं होगा।😂










