नई दिल्ली । केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने लाखों छात्र-छात्राओं का इंतजार खत्म कर दिया है। बोर्ड ने सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की फाइनल तिथि जारी कर दी है। बोर्ड ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर पूरा टाइम-टेबल अपलोड कर दिया है, छात्र वहां जाकर विषयवार शेड्यूल चेक कर सकते हैं।

16 फरवरी से शुरू होंगी दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं
CBSE द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं, दोनों की बोर्ड परीक्षाएं एक ही दिन यानी 16 फरवरी 2027, सोमवार से शुरू होंगी। बोर्ड ने साफ किया है कि सभी पेपर एक ही शिफ्ट में सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगे। छात्रों को सुबह 10 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।

कक्षा 10वीं का पूरा शेड्यूल
10वीं की बोर्ड परीक्षा 16 फरवरी से शुरू होकर 9 मार्च 2027 तक चलेगी। इस साल CBSE 10वीं के लिए कुल 83 विषयों की परीक्षा लेगा। बोर्ड ने बताया कि मुख्य विषयों के बीच छात्रों को तैयारी के लिए पर्याप्त गैप दिया गया है ताकि छात्रों पर ज्यादा प्रेशर न पड़े।

कक्षा 12 वीं का शेड्यूल ज्यादा लंबा
12वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 अप्रैल 2027 तक चलेंगी। 12वीं में विषयों की संख्या ज्यादा है, इसलिए परीक्षा करीब 52 दिनों तक चलेगी। इस बार 12वीं के लिए 121 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स, तीनों स्ट्रीम के मुख्य विषयों की तारीखों पर छात्रों की नजर टिकी हुई थी।
प्रैक्टिकल परीक्षा का भी ऐलान
बोर्ड ने थ्योरी के साथ-साथ प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट का शेड्यूल भी जारी कर दिया है।सामान्य स्कूल: 1 जनवरी 2027 से प्रैक्टिकल शुरू होंगे। विंटर-बाउंड स्कूल: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और बर्फीले इलाकों वाले स्कूलों के लिए प्रैक्टिकल परीक्षा 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित की जाएगी।छात्र इन बातों का रखें ध्यानआधिकारिक वेबसाइट से ही डेटशीट डाउनलोड करें, फर्जी लिंक से बचें।डेटशीट देखने के बाद अपने कमजोर विषयों के लिए पहले से टाइम-टेबल बना लें। अब आखिरी के महीनों में नए टॉपिक पढ़ने की बजाय रिवीजन और पिछले साल के प्रश्न पत्रों पर ज्यादा फोकस करें। प्रैक्टिकल की तैयारी भी साथ-साथ करते रहें क्योंकि प्रैक्टिकल के नंबर भी फाइनल रिजल्ट में जुड़ते हैं।










