नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ लीडर और देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी आज 99 वर्ष के हो गए और उन्होंने अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश कर लिया है।
इस अवसर पर भारत रत्न आडवाणी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और पीयूष गोयल सहित देश के कई प्रमुख राजनेताओं ने जन्मदिन की बधाई दी।
शीर्ष नेतृत्व ने भारतीय राजनीति को नई दिशा देने, लोकतंत्र की रक्षा करने और शून्य से भाजपा संगठन को इस शिखर तक पहुंचाने में उनके अभूतपूर्व व अद्वितीय योगदान को नमन करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आज के दिन को ऐतिहासिक दिन बताया : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आडवाणी जी को बधाई देते हुए इस दिन को बेहद खास बताया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि आज 8 नवंबर का दिन एक ऐतिहासिक पड़ाव है। आदरणीय लालकृष्ण आडवाणी अपने 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। इस विशेष अवसर पर उन्हें मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आडवाणी जी को जन्मदिन की दिली मुबारकबाद दी। वहीं, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने उन्हें प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि श्रद्धेय 'भारत रत्न' आडवाणी जी आज 99 वर्ष पूरे कर 100वें साल में कदम रख रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ईश्वर से उनके अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और आशीर्वाद भरे जीवन की प्रार्थना की और उम्मीद जताई कि देश व संगठन को उनका मार्गदर्शन लगातार मिलता रहेगा।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, हमारे प्रेरणास्रोत, श्रद्धेय भारत रत्न श्री लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। श्रद्धेय आडवाणी जी आज 99 वर्ष पूरे कर 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। मैं ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करता हूं। आशा है कि हमें निरंतर उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा।










