Tuesday, June 6, 2023
Homeराज्यपश्चिमी यूपी के 14 जिलों में भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने...

पश्चिमी यूपी के 14 जिलों में भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने की तैयारी, पढ़िए पूरी रिपोर्ट

लखनऊ । जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के नामांकन से उत्साहित भाजपा ने पश्चिम उत्तर प्रदेश के सभी 14 जिलों में अध्यक्ष बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। छह जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन से भाजपा में खुशी की लहर है। अन्य आठ जिलों में भी तेजी से समीकरण बैठाने की कार्रवाई हो रही है। संभावना है कि दो या तीन जिलों में 29 जून को नामांकन वापसी के दिन ही फैसला हो जाएगा। उसके बाद शेष जिलों में तीन जुलाई को मुकाबला किया जाएगा। 

भाजपा नेताओं के अनुसार पश्चिम क्षेत्र के सभी 14 जिलों में भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की रणनीति तैयार कर ली है। इसके तहत ही शनिवार को सभी जिलों में नामांकन की कार्रवाई हुई। रणनीति के तहत सभी सीटों पर नामांकन कराए गए। विपक्ष की घेराबंदी की गई। नामांकन प्रक्रिया और नामांकन पत्रों की जांच में कमियों को खोज-खोज कर निकाला गया। विपक्षी प्रत्याशियों के पर्चे निरस्त कराकर भाजपा प्रत्याशियों की जीत का रास्ता साफ किया गया। इसके तहत ही छह सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की निर्विरोध जीत तय हुई है। 

अब भाजपा की नजर 29 जून को नामांकन वापसी पर टिकी है। भाजपा की रणनीति है कि सहारनपुर, हापुड़ में नामांकन वापसी के दिन ही चुनाव तय हो जाए। अन्य छह सीटों पर भाजपा मुकाबले की तैयारी में है। भाजपा ने साफ कहा है कि जनता चाहती है कि जिलों के विकास के लिए सभी 14 जिलों में पार्टी का जिला पंचायत अध्यक्ष बने। 
 
निर्विरोध जीत तय
मेरठ, बुलंदशहर, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, अमरोहा और मुरादाबाद। 

इन सीटों पर मुकाबले की तैयारी
बिजनौर, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली, संभल और रामपुर

नाम वापसी के बाद जीत की संभावना
सहारनपुर और हापुड़। 

प्रदेश को दिया संदेश
भाजपा के पश्चिम क्षेत्र के 14 सीटों में से छह पर जीत दर्ज कर प्रदेश को संदेश दिया गया है। प्रदेश में 75 में से 17 सीटों पर निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष का निर्वाचन तय हुआ है, जिसमें 14 में से छह सीट पश्चिम क्षेत्र की हैं। विशेष बात तो मेरठ मंडल के छह जिलों की है। छह जिलों में से चार सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने निर्विरोध निर्वाचन कर धमाका कर दिया है। मेरठ मंडल और पश्चिम क्षेत्र की चर्चा अब प्रदेश स्तर पर हो रही है। 

जनता की जीत हुई
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा कि मेरठ समेत छह सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन होना बड़ी बात है। यह जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों के टीम वर्क की जीत है। इसके लिए माइक्रो प्लानिंग की गई। शेष आठ सीटों पर भी भाजपा जीतेगी। इसकी पूरी उम्मीद है। जनता विकास चाहती है। यह विकास के लिए जीत है।

Share This News
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Share This News