लखनऊ। विंध्यलीडर संवाददाता । समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश में एमएलसी चुनाव से ठीक पहले अफसरों को कड़ी चेतावनी देते हुए यहां तक कह दिया कि जेल जाने की तैयारी रखें। अखिलेश ने कहा कि बहुत सारे लोगों के खिलाफ जो तथ्य होंगे और प्रमाण बनेगा, वह जेल भेजने के लिए पर्याप्त होगा। कहा कि चुनाव आयोग और अधिकारियों को मेरी अपील है कि वह निष्पक्ष रहें।
वोट चोरी न हो। वोटों में हेराफेरी न हो। अधिकारी की जिम्मेदारी है कि अधिकारी बनकर रहें। अगर पार्टी वर्कर बनकर रहेंगे तो जेल जाने की भी तैयारी रखें।अखिलेश ने कहा कि शिक्षा विभाग में जो लूट हुई है और ट्रांसफर-पोस्टिंग में जो पैसे लिए गए हैं।
उससे बीएसए और डीआईओएस नहीं बच सकते हैं। कहा कि फैजाबाद अयोध्या के चुनाव के दौरान भी कहा था कि अधिकारियों को कोई बचा नहीं सकता है। आज नहीं तो कल जब कभी बदलाव आएगा, कानून और न्याय इन्हें जेल भेज देगी।
डीआईओएस-बीएसए फोन कर धमका रहे
अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा बिना किसी हेराफेरी और धांधली किए कोई भी चुनाव नहीं जीत सकती है। शिक्षक-स्नातक निर्वाचन में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को डराने-धमकाने और बेईमानी करने के काम दिए जा रहे हैं। डीआईओएस और बीएसए फोन से शिक्षकों को धमका रहे है।
मंत्रियों के पास कैसे पहुंची वोटर लिस्ट?
अखिलेश यादव ने लखनऊ के मोहान रोड काकोरी स्थित अभिनंदन रिसार्ट में मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी सोनू कनौजिया के पिता स्व. राम गोपाल कनौजिया को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश ने कहा कि एमएलसी चुनाव की वोटर लिस्ट किसी के पास नहीं है लेकिन भाजपा के मंत्रियों और उनके नेताओं के पास है। उन्हें कैसे मिल गई?
किसी कम्पनी को हायर किया होगा। तभी मंत्री के वायस से कॉलिंग हो रही है। यह बिना डाटा हासिल किए नहीं हो सकता है। अखिलेश का इशारा उप मुख्यमंत्री के नाम से फोन पर हो रहे प्रचार की तरफ था। अखिलेश ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता सावधान और सतर्क रहें। भाजपा का काम धांधली करने का है। हमारे पास अयोध्या, फैजाबाद के चुनावों की रिकॉर्डिंग है। वायस कॉलिंग को भी रिकॉर्ड कर लें।









