सोनभद्र। विंध्यलीडर संवाददाता । रॉबर्ट्सगंज नवीन मंडी समिति में रात्रि लगभग 11 बजे भीषण आग लगने से करीब 14 दुकानें जलकर राख हो गईं। इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी अरविंद पांडेय, मनीष अग्रहरि एवं योगेश सिंह के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को बुलाकर आग बुझाने के प्रयासों में सहयोग किया।
आज पुनः मंडी समिति पहुँच कर मंडी सचिव से वार्ता की तथा प्रभारी मंत्री माननीय श्री हंसराज विश्वकर्मा जी को घटना से अवगत कराया। मंत्री जी ने तत्काल जिलाधिकारी से वार्ता कर पीड़ित व्यापारियों को नियमानुसार मुआवजा एवं अन्य आवश्यक सहायता दिलाने के निर्देश दिए।

डॉ. धर्मवीर तिवारी ने कहा कि इस कठिन समय में भारतीय जनता पार्टी और सरकार पूरी मजबूती से प्रभावित व्यापारियों के साथ खड़ी है। नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजने के लिए मंडी सचिव से कहा गया है, ताकि पीड़ितों को अधिकतम संभव क्षतिपूर्ति मिल सके।

फल-सब्जी के व्यापारियों को इस व्यस्त कारोबारी सीजन में हुई भारी क्षति अत्यंत पीड़ादायक है। हमारा प्रयास है कि प्रभावित व्यापारियों को जल्द से जल्द राहत मिले और वे पुनः अपना कारोबार शुरू कर सकें।

इस दौरान शिवकुमार सोनकर, भोला सोनकर, सतीश सोनकर, अनिल सोनकर सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। पीड़ित व्यापारियों के दुख में हम उनके साथ हैं। हरसंभव सहायता और राहत दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।






