चार घंटे रेस्क्यू के बाद निकला,पेड़ से टकराकर पलटा ट्रक
छत्तीसगढ़ से मक्के का बीज लेकर दिल्ली जा रहा डीसीएम ट्रक म्योरपुर के रासपहरी के पास पेड़ से टकराकर पलट गया। जिसमें चालक जितेंद्र सिंह केबिन में फंस गए और.........
अपने व्यापार का विज्ञापन यहाँ दें — विंध्य क्षेत्र के हज़ारों पाठकों तक पहुंचें
संपर्क करें →
म्योरपुर । विंध्यलीडर संवाददाता । छत्तीसगढ़ से मक्के का बीज लेकर दिल्ली जा रहा डीसीएम ट्रक म्योरपुर के स्थानीय थाना क्षेत्र के बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर रासपहरी गांव के पास शनिवार को आधी रात मक्के का बीज लदा डीसीएम ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद पलट गया। बताया जाता है कि हादसे में चालक का पैर स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया, जिससे वह केबिन में ही कैद हो गया।
करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद उसे किसी तरह बाहर निकाला जा सका। जिसे गंभीर हालत में सीएचसी म्योरपुर से मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि चालक बिहार के औरंगाबाद का निवासी 48 वर्षीय जितेंद्र सिंह पुत्र राघव सिंह है।
उल्लेखनीय है कि डीसीएम ट्रक छत्तीसगढ़ से मक्के का बीज लादकर दिल्ली जा रहा था। इसी बीच रासपहरी गांव के पास ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद पलट गया। जानकारी के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ चालक को निकालने का प्रयास शुरू कराया। पहले जेसीबी की मदद से चालक को बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद गैस कटर से केबिन काटने का प्रयास किया गया। इसी दौरान ट्रक में आग लगने लगी, जिसे पानी डालकर बुझाया गया। काफी मशक्कत के बाद स्टेयरिंग खोलकर चालक को बाहर निकाला गया। सीएचसी म्योरपुर के चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जाता है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराया है।

