जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए शनिवार को होने वाले मतदान को लेकर भाजपा और सपा में रस्काकशी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। मुरादाबाद मंडल के मुरादाबाद और अमरोहा में भाजपा के प्रत्याशी निर्विरोध चुनाव जीत चुके हैं। आजम खां के गढ़ रामपुर और डॉ. बर्क के गढ़ संभल में भाजपा और सपा के बीच कांटे का मुकाबला होने के आसार हैं। जिला प्रशासन ने दोनों ही जनपदों में मतदान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। भारी पुलिस बल के साथ ही पुलिस-प्रशासनिक अफसर भी मौजूद रहेंगे। मतदान की निष्पक्षता पर नजर रखने के लिए प्रेक्षक भी पहुंच गए हैं। पूरी मतदान प्रक्रिया वीडियो कैमरों की निगरानी में होगी।
रामपुर में 34 सदस्यों वाली जिला पंचायत में अध्यक्ष पद पर भाजपा के ख्याली राम लोधी और सपा की नसरीन जहां के बीच मुकाबला कड़ा मुकाबला होने के आसार हैं। इसके साथ ही वार्ड चार से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीते अमरजीत सिंह भी चुनाव मैदान में मौजूद रहकर मुकाबले को त्रिकोणात्मक बनाने में जुटे हुए हैं। जिला प्रशासन ने मतदान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान कलक्ट्रेट में डीएम कोर्ट में होगा। संभल में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में 35 जिला पंचायत सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यहां पर भी भाजपा और सपा में सीधा मुकाबला है। भाजपा से अनामिका यादव और सपा से पूर्व सपा विधायक रामखिलाड़ी यादव की पुत्रवधू पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति यादव मैदान में चुनाव मैदान में हैं। जिला प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा में मतदान कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।