उत्तर प्रदेश के किसानों को मिलेगा अब तीन लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा
एम-पैक्स के सदस्य किसानो को अब जनता दुर्घटना बीमा योजना के तहत अब वे तीन लाख रुपये तक का बीमा करा सकेंगे, जो अभी 50 हजार रुपए तक ही होता रहा है ............

लखनऊ। विंध्यलीडर संवाददाता । आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता कुमार प्रशांत ने बीमित राशि को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर तीन लाख रुपये करने का आदेश जारी कर दिया है। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने बताया है कि इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी की जनता दुर्घटना बीमा योजना जो 2018 से लागू है, जिसमें पैक्स के सदस्य किसानों को अब तक मात्र 50 हजार रुपये का बीमा मिलता रहा है।

अब बीमा की उस धनराशि को बढ़ाकर तीन लाख रुपये कर दिया गया है। पैक्स से ऋण लेने वाले अधिकांश किसान इस बीमा योजना से जुड़े हैं, जबकि अब ऋण न लेने वाले सदस्य किसान भी इसका लाभ उठा सकते हैं।
इस योजना के तहत 50 हजार रुपये की बीमित राशि के लिए किसान को 9.40 रुपये वार्षिक प्रीमियम , जबकि एक लाख रुपये की बीमित राशि के लिए 18.80 रुपये, और डेढ़ लाख रुपये के लिए 28.10 रुपये, तथा दो लाख रुपये के लिए 37.40 रुपये, एवम् ढाई लाख रुपये के लिए 46.75 रुपये और तीन लाख रुपये की बीमित राशि के लिए 56 रुपये वार्षिक प्रीमियम देना पड़ेगा।

दुर्घटना में बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर बीमित राशि का 100 प्रतिशत, पूर्ण विकलांगता पर भी 100 प्रतिशत और आंशिक विकलांगता पर 50 प्रतिशत बीमा राशि का भुगतान किए जाने की व्यवस्था है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय एम-पैक्सों से जुड़े किसानों की संख्या लगभग एक करोड़ है। इस योजना से पैक्स से ऋण लेने वाले लगभग आठ लाख किसान वर्तमान में लाभ उठा हैं। बीमा राशि बढ़ने से अन्य किसान भी तेजी से इस योजना से जुड़ेंगे।

बहुद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण समितियां (एम-पैक्स) के सदस्य किसानो को अब जनता दुर्घटना बीमा योजना के तहत उन्हें तीन लाख रुपये तक की बीमा देगी। पहले इस बीमा की अधिकतम राशि 50 हजार रुपये ही थी।
अब किसान अपनी सुविधा के अनुसार 50 हजार, एक लाख, डेढ़ लाख, दो लाख, ढाई लाख और तीन लाख रुपये तक की बीमा पालिसी ले सकेंगे। तीन लाख रुपये का बीमा कराने पर प्रत्येक वर्ष 56 रुपये प्रीमियम देना होगा। योजना का लाभ एम-पैक्स के लगभग एक करोड़ सदस्य किसान उठा सकते हैं।


