लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर कल, मंगलवार 27 अक्टूबर को मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू हुई थी है. इनमें 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. वोटों की गिनती के लिए लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं. बता दें इन सीटों पर बीते 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था, और अब सभी की नजरें चुनाव नतीजों पर टिकी हैं

एमएलसी चुनाव में वाराणसी शिक्षक सीट से सपा के लाल बिहारी यादव ने एक बार फिर अपना परचम लहराया है। वह लगातार दूसरी बार इस सीट से जीतकर विधान परिषद पहुंचे हैं। इस बार उन्‍होंने 2020 की तुलना में पांच गुना ज्‍यादा वोटों से जीत हासिल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय इलाके में सपा उम्‍मीदवार की जीत को एक बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

लाल बिहारी यादव ने बीजेपी उम्‍मीदवार प्रमोद मिश्र को करीब 4900 वोटों से हरा,जीत दर्ज की है। इससे पहले वर्ष 2020 के एमएलसी चुनाव में भी वह प्रमोद मिश्र को मात दे चुके हैं लेकिन तब प्रमोद मिश्र निर्दलीय उम्‍मीदवार थे। पूर्व हुए एम एल सी के चुनाव में लाल बिहारी यादव की जीत का अंतर मात्र 936 था जो इस चुनाव में बढ़कर पांच हजार के आश पास पहुंच गया।

यहाँ आपको बताते चलें कि लाल बिहारी यादव ने पहली बार जीत हासिल करने के बाद वित्‍तविहीन शिक्षकों के लिए संघर्ष शुरू करने से लेकर विधान परिषद में नेता विपक्ष तक का सफर तय किया, उन्हें अखिलेश यादव का करीबी भी माना जाता है। आजमगढ़ के विशुनपुर गांव में जन्‍मे लाल बिहारी यादव ने बीए और बीएड की शिक्षा ली। इसके बाद वह शिक्षा क्षेत्र से जुड़ शिक्षक के रूप में कार्य करते हुए वित्‍तविहीन शिक्षकों और शिक्षक समुदाय के मुद्दों को लेकर अपनी सक्रिय संघर्ष भूमिका निभाते रहे इसी वजह से शिक्षक राजनीति में उनकी एक अलग पहचान बनी जो वर्तमान जीत का आधार बनी।

लाल बिहारी यादव 2022 में बने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष

लाल विहारी यादव को वर्ष 2020 में सपा ने पहली बार वाराणसी शिक्षक सीट पर एमएलसी उम्‍मीदवार बनाया जिसमें जीत हासिल कर वह विधान परिषद पहुंचे। 2022 में सपा ने उनको विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष बनाया।
वाराणसी शिक्षक सीट से दोबारा एमएलसी चुने जाने के बाद लाल बिहारी यादव ने कहा कि यह केवल एक चुनावी जीत नहीं बल्कि वर्तमान सरकार से शिक्षकों की नाराजगी और शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों पर समाजवादी पार्टी में जताए गए शिक्षकों के विश्‍वास की जीत है। उन्‍होंने अपनी जीत का श्रेय सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव को दिया। उन्‍होंने कहा कि अखिलेश यादव ने पुरानी पेंशन बहाली, मदरसों में शिक्षकों के मानदेय और वित्‍तविहीन शिक्षकों के मानदेय के मुद्दों को लगातार विधानसभा में उठाया, यही वजह है कि शिक्षकों ने उन्हें अपना समर्थन देकर दुबारा विधानपरिषद में भेजा है, जीत के बाद उन्होंने कहा कि मैं अपनी पूरी कोशिश करूंगा कि शिक्षक हितों के लिए लगातार आवाज उठाता रहूं जिससे उनकी जायज आवाज सदन और सरकार तक पहुंचे ।

मेरठ-सहारनपुर शिक्षक सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार श्रीचंद शर्मा ने विजय दर्ज की है। उन्होंने सपा प्रत्याशी नितिन कुमार तोमर को भारी मतो के अंतर से हराया।
लखनऊ खंड शिक्षक सीट से भाजपा के उमेश द्विवेदी ने जीत हासिल किया है.उन्होंने सपा के सुशील कुमार पटेल को शिकस्त दी।
आगरा शिक्षक सीट से सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने जीत हासिल कर ली है,उन्होंने भाजपा प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी को पराजित किया।
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट (रुझान): गोरखपुर से भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के डॉ. संजयन त्रिपाठी से फिलहाल आगे चल रहे हैं वहीं भाजपा के लिए प्रतिष्ठा बनी इस सीट पर सभी की निगाहेँ लगी है। गोरखपुर की इस प्रतिष्ठा वाली सीट पर कभी सपा उम्मीदवार तो कभी भाजपा तो कभी निर्दलीय उम्मीदवार अपनी बढ़त बना कर सबके दिलों की धड़कन बढ़ा दे रहे है।
बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट (रुझान): भाजपा के डॉ. हरि सिंह ढिल्लो रुझानों में मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं जबकि सपा के हाजी दानिश अख्तर फिलहाल उनसे पीछे चल रहे हैं।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र मेरठ स्नातक सीट (भाजपा की जीत): भाजपा उम्मीदवार दिनेश गोयल ने शानदार जीत हासिल की है. उन्होंने सपा प्रत्याशी प्रमेंद्र भाटी को चुनाव में हरा दिया है.
आगरा स्नातक सीट (रुझान): भाजपा प्रत्याशी मानवेंद्र सिंह रुझानों में आगे चल रहे हैं जबकि सपा के शशांक यादव पीछे चल रहे हैं।
झांसी-इलाहाबाद स्नातक सीट (रुझान): इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के दौरान बुंदेलखंड महाविद्यालय (झांसी) स्थित मतगणना केंद्र से 7वें चक्र की गणना के आधिकारिक आंकड़े सामने आ गए हैं. समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव ने भाजपा के अशोक कुमार राठौर पर अपनी बढ़त को काफी मजबूत कर लिया है. सपा के डॉ. मान सिंह यादव 18,639 मतों से आगे चल रहे हैं.


वाराणसी स्नातक सीट (रुझान): मोदी के गढ़ वाराणसी में सपा उम्मीदवार आशुतोष सिन्हा मतगणना में काफ़ी आगे चल रहे हैं जबकि भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह उनसे काफ़ी पीछे चल रहे है, इसी बीच सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि मतगणना में लगे कर्मचारी सरकार के दबाव में काम कर रहे है, उन्होंने कहा कि नियमानुसार हर चक्र की गड़ना के बाद प्रत्येक प्रत्याशी को मिले मतों की घोषणा होने के साथ ही उन्हें मिले मतों को डिस्प्ले किया जाना चाहिए जबकि ऐसा नहीं किया जा रहा है।

वाराणसी स्नातक खंड निर्वाचन क्षेत्र की तृतीय_चरण_मतगणना_रिपोर्ट कुछ इस प्रकार है -

प्रत्याशी नाम |तृतीय चरण में प्राप्त मत | कुल पूर्व मत | टोटल मत

----------------------------------------------------

आशुतोष सिन्हा (SP) | 5776 मत | 10419 मत | अब तक प्राप्त कुल मत 16195 मत

------------------------------------------------------------------------------------

केदार नाथ सिंह (BJP) | 4414 मत | 7474 मत | अब तक प्राप्त कुल मत 11888 मत

इस तरह से तृतीय_चरणकी मतगणना के बाद अब सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा 4307 मतों से आगे चल रहे हैं।

लखनऊ स्नातक सीट (रुझान): सपा प्रत्याशी कांति सिंह मतगणना में बढ़त बनाए हुए हैं जबकि भाजपा उम्मीदवार अवनीश कुमार सिंह पीछे चल रहे हैं।

परिणामों की घोषणा के साथ ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में जश्न का माहौल है जबकि रुझान वाली सीटों पर अभी बंडलों की गिनती जारी है और लोग अपने अपने समर्थकों के जीत हार के दावों के साथ चाय पान की दुकानों पर राजनितिक बहसों का बाजार गर्म करने में लगे हैं।