सोनभद्र। मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन व इरिगेशन डिपार्टमेंट उत्तर प्रदेश की जनपद शाखा सोनभद्र के कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री एवं जलशक्ति मंत्री को ज्ञापन भेजा है। 28 अक्टूबर 2026 को जारी ज्ञापन में कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली, वरिष्ठता सूची जारी करने, पदोन्नति में तेजी लाने और स्थानांतरण संबंधी अनियमितताओं की जांच कराने सहित कई मांगें उठाई हैं।
एसोसिएशन की ओर से भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि 22 मार्च 2022 को प्राप्त तीन सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट लागू की जाए तथा लागू न होने देने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने, वरिष्ठता सूची जारी करने और पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने की अपनी मांग रखी है। साथ ही पदोन्नति प्राप्त कर्मचारियों की तैनाती उसी जनपद में करने की मांग भी उठाई गई है।

ज्ञापन में अधिष्ठान खंड-एक को पूर्व की भांति पुनर्स्थापित करने और पूर्व-पश्चिम की व्यवस्था समाप्त करने की मांग की गई है। इसके अतिरिक्त मद संख्या 95 के अंतर्गत चिकित्सा प्रतिपूर्ति में हुए कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने की भी मांग की गई है।
स्थानांतरण प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल
एसोसिएशन ने स्थानांतरण प्रक्रिया में हुए कथित अनियमितताओं पर भी सवाल उठाए हैं। ज्ञापन में कर्मचारियों द्वारा विभाग में स्थानांतरण के लिए दिए गए प्रार्थनापत्र के मामलों की समीक्षा करने तथा स्थानांतरण और संबद्धता से संबंधित आदेशों की जांच कराने की मांग की गई है। संगठन ने स्थानांतरण आदेशों को व्यवस्थित ढंग से जारी करने और विभागीय वेबसाइट पर अपलोड करने की भी मांग रखी है।
ज्ञापन में प्रशासनिक अधिकारियों एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के स्वीकृत पदों का उचित विभाजन करने, पदोन्नति देने तथा उनके कार्य और उत्तरदायित्व निर्धारित करने की मांग भी शामिल है।

इसके अलावा मद संख्या 95 के अंतर्गत कार्यालय व्यय, स्टेशनरी और ई-ऑफिस के लिए कंप्यूटर व्यवस्था हेतु धनराशि सभी खंडीय कार्यालयों में समान रूप से आवंटित करने की मांग भी की गई है।
एसोसिएशन ने शासन से कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री और जलशक्ति मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित उक्त ज्ञापन देने वालों में मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह व मंत्री ब्रजेश कुमार शर्मा के साथ ही अन्य कर्मचारी साथ रहे।










